आगरा। मुंबई में हुई मैराथन में आगरा के डॉक्टर दंपती ने इतिहास रच दिया। इंडियन डेंटल एसोसिएशन के सचिव डॉ. एनएस लोधी और उनकी पत्नी माला राजपूत ने तय समय में मैराथन पूरी की। उन्होंने प्रो कैम स्लैम खिताब अपने नाम किया। डॉ. लोधी का दावा है कि यह गौरव हासिल करने वाले वो उत्तर प्रदेश के पहले कपल हैं।
डॉ. लोधी ने बताया कि प्रो कैम स्लैम का खिताब उन चुनिंदा धावकों को मिलता है जो देश की चार प्रमुख बड़ी मैराथन (बंगलूरू, दिल्ली, कोलकाता और मुंबई) को एक निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा करते हैं। शहर के अन्य धावकों ने भी इस प्रतिष्ठित स्लैम को अपने नाम कर फिटनेस और जज्बे का लोहा मनवाया। इसमें डॉ. दिनेश राठौर, प्रदीप यादव, तारा सिंह तोमर, दिवाकर किरवार रहे।
फुल मैराथन में ये भी चमके
कठिन मानी जाने वाली 42 किलोमीटर की फुल मैराथन में आगरा के दीपक नेगी, अजयदीप सिंह, कमल कांत, आनंद कुलश्रेष्ठ, जतिन, मोहन सिंह आर्य, आयुष्मान सिन्हा, संजय सिंह और अमित सिंह ने दौड़ पूरी की।