आगरा डीएम मनीष बंसल ने खंदौली के कस्तूरबा विद्यालय और कंपोजिट स्कूल में बच्चों की क्लास लेकर पढ़ाई और मिड-डे-मील की गुणवत्ता परखी। डीएम ने जिले के सभी 13 कस्तूरबा विद्यालयों को सीएसआर फंड से स्मार्ट क्लास, लैब, फर्नीचर और अन्य सुविधाओं से हाईटेक बनाने के निर्देश दिए।
आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार दोपहर एक बजे खंदौली ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और कंपोजिट स्कूल उजरई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न सिर्फ शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों की क्लास ली, बल्कि मिड-डे-मील की गुणवत्ता खुद खाकर परखी। निरीक्षण के बाद डीएम ने जिले के सभी 13 कस्तूरबा विद्यालयों को सीएसआर फंड से हाईटेक बनाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के तत्काल बाद डीएम सीधे उजरई स्थित विद्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने छात्राओं से उनकी दिनचर्या, भोजन, गीजर की सुविधा और पढ़ाई को लेकर सीधे सवाल किए। डीएम ने किताब हाथ में लेकर छात्राओं से विज्ञान में कोशिका और अंग्रेजी के शब्दों के अर्थ पूछे, जिनके सही जवाब मिलने पर वह शिक्षा के स्तर से संतुष्ट नजर आए। उच्चीकृत विद्यालय की कक्षा 9 और 10 की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करते किया। छात्राओं को अपने अभिभावकों को भी इसके बारे में बताने की सलाह दी।
इसके बाद कंपोजिट स्कूल में डीएम ने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों से सवाल हल कराए और उन्हें बड़े सपने देखने व कड़ी मेहनत करने का मंत्र दिया। इस दौरान बीएसए राकेश कुमार सिंह, बीईओ सुमित कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
सीएसआर फंड से होगा कायाकल्प
जिले के 13 कस्तूरबा विद्यालयों में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से स्मार्ट क्लास, उच्चीकृत लैब, फर्नीचर, खेलकूद सामग्री और भवनों की मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे। डीएम मनीष बंसल ने शिक्षा विभाग को जल्द पारदर्शी एस्टीमेट बनाने और कार्यों की गुणवत्ता व निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं।