रेल मंडल के होडल स्टेशन के पास मंगलवार सुबह जनशताब्दी एक्सप्रेस पलटने से बच गई। लोको पायलट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा बचा गया। लापरवाही बरतने में डीआरएम ने स्टेशन मैनेजर समेत व कंट्रोलर को निलंबित कर जांच बैठा दी है।
मंगलवार को जनशताब्दी एक्सप्रेस कोटा से निजामुद्दीन जा रही थी। सुबह करीब 10:20 पर ट्रेन मथुरा स्टेशन से निकली, इसके थोड़ी देर बाद ट्रेन के टीटीई ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि ट्रेन में यात्री निरंजन की तबीयत खराब हो गई है। उसे उपचार की जरूरत है। सूचना के समय ट्रेन होडल के पास थी। इसके बाद आगरा रेल मंडल कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम के कंट्रोलर उपेंद्र यादव ने ट्रेन को लूप लाइन में ले जाने के लिए ग्रीन सिग्नल दिया। ट्रेन सिग्नल के बाद लूप लाइन में मुड़ गई।
ट्रेन के लोको पायलट को लूप लाइन में लाल झंडी दिखाई दी, उसे देखकर उसने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। लूप लाइन पर मरम्मत का कार्य चल रहा था और इसी दौरान पीछे से श्रीधाम एक्सप्रेस आ रही थी। कंट्रोल रूम को दूसरी ट्रेन के आने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। तत्काल सिग्नल डाउन किए गए। इसके बाद श्रीधाम एक्सप्रेस के साथ कई अन्य ट्रेनों को रोक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारियों में खलबली मच गया। आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में डीआरएम गगन गोयल ने कंट्रोलर उपेंद्र यादव और स्टेशन मैनेजर होडल सतबीर सिंह को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।