आगरा में सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावों के बावजूद बैनारा फैक्टरी, लगड़े की चौकी और मंटोला समेत कई इलाकों के नाले कचरे और गाद से अटे हैं। महापौर के निरीक्षण और अधिकारियों को दिए निर्देशों के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी शहर के नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। नगर निगम दावों की हकीकत परखने के लिए मंगलवार को अमर उजाला ने पड़ताल की तो बैनारा फैक्टरी, लगड़े की चौकी सहित कई नाले सिल्ट, पॉलिथीन और कचरे से चोक मिले। ये हाल तब है जब खुद महापौर हेमलता दिवाकर ने सोमवार को मारुति एस्टेट में नाला सफाई में लापरवाही बरतने पर जेडएसओ सहित तीन कर्मियों के विरुद्ध नोटिस जारी किए थे। 24 घंटे बाद भी धरातल पर स्थिति नहीं बदली।
विज्ञापन
मंगलवार को बोदला-लोहामंडी होकर बहने वाला बैनारा फैक्टरी के पीछे खुला नाला गंदगी से अटा मिला। बरसात में सफाई के नाम पर कई इलाकों में केवल ऊपरी कचरा हटाकर खानापूर्ति की गई है, जबकि नालों की तली में जमी गाद जस की तस है।
महापौर ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर नाला सफाई कार्य में तेजी लाने और तलीझाड़ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नगर निगम के छत्ता, लोहामंडी, हरीपर्वत और ताजगंज जोन में तैनात क्षेत्रीय अधिकारियों ने निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया। मारुति एस्टेट निवासी रवि भूषण शर्मा ने निगरानी में लापरवाही और सफाई गैंग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
इन इलाकों में स्थिति गंभीर
शहर में बैनारा फैक्टरी और लगड़े की चौकी के अलावा मंटोला नाला, भैरों नाला, जीवनी मंडी, बोदला, शाहगंज और ट्रांस यमुना क्षेत्र से गुजरने वाले नालों में जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हैं। क्षेत्रीय निवासी दिलीप पाठक ने बताया कि पॉलिथीन और ठोस अपशिष्ट फंसने से पानी का बहाव बाधित हो रहा है। इससे आसपास की घनी आबादी वाली बस्तियों में दुर्गंध फैल रही है। संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि बड़े नालों की बरसात में सफाई कराई गई थी। छोटे नालों की सफाई का काम गैंग का है। जिन नालों के बारे में बताया है, उनकी जांच कराएंगे। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।