सैंया। राजस्थान से अवैध खनन कर चंबल सैंड ला रहीं तीन ट्रैक्टर-ट्राली सैंया पुलिस ने पकड़ लीं। मौके से भाग रहे तीन चालकों को भी पकड़ा है। एक चालक से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि तीनों ट्रैक्टर चालक थाना सैंया में दर्ज मुकदमे में वांछित थे।
शुक्रवार सुबह आठ बजे सैंया पुलिस को राजस्थान से अवैध खनन कर चंबल सैंड ला रहे ट्रैक्टरों के बाबत सूचना मिली। थानाध्यक्ष नीलम राणा, एसएसआई रामचंद्र अरुण ने हाईवे स्थित ताहरपुर चौराहे पर घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर चालकों ने ट्रैक्टरों को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर छोड़कर भाग रहे देवेंद्र पुत्र मंगल सिंह निवासी भमरौली, थाना मनियां, धौलपुर, सचिन पुत्र माता प्रसाद निवासी सहानपुर, धौलपुर व भोलाराम पुत्र महावीर निवासी मौरौली, थाना कोतवाली धौलपुर को पकड़ लिया। देवेंद्र के पास से तमंचा और कारतूस मिला।
थानाध्यक्ष नीलम राणा ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर चालकों पर थाना सैंया में पहले से मुकदमा दर्ज है। शुक्रवार सुबह सैंया पुलिस ने ट्रैक्टरों को पकड़ने के लिए हाईवे पर जाम लगवा दिया था। ट्रैक्टर ट्रैफिक के बीच फंसने से यह पकड़े गए।