क्रिकेटर्स पूनम यादव, दीप्ति शर्मा
आईसीसी टी-20 वुमेंस वर्ल्ड कप में गुरुवार को भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए मैच में ताजनगरी की क्रिकेटर बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वेस्टइंडीज के गुयाना में खेले गए मैच में आयरलैंड की टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
भारत ने बीस ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। इसमें अंतिम ओवरों में खेलने आईं आगरा की दीप्ति शर्मा ने सात गेंदों में एक चौके की मदद से 11 रन बनाए। दीप्ति नाबाद रहीं। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी से भी कमाल दिखाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम के लिए ताजनगरी की दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर गेंदबाज दीप्ति शर्मा और दाएं हाथ की लेग स्पिनर गेंदबाज पूनम यादव सिरदर्द बन गईं। दीप्ति शर्मा ने तीन ओवरों में सिर्फ 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
पूनम यादव ने चार ओवरों में 14 रन देकर एक विकेट लिया। खास बात यह रही कि पूनम यादव ने पारी के आखिरी ओवर में सिर्फ दो रन दिए। आयरलैंड पर जीत दर्ज करने के साथ ही भारतीय टीम अपने ग्रुप में अभी तक के सभी मैच जीतकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर चुकी है।
भारत का आखिरी लीग मुकाबला शनिवार को ऑस्ट्रेलिया से होगा। इंडिया अपने बी ग्रुप में तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। पूनम यादव और दीप्ति शर्मा की बेहतीर गेंदबाजी पर शहर के कमेंट्रेटर नरेंद्र शर्मा, मनोज कुशवाह, पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर ने हर्ष व्यक्त किया है।