आगरा में नशे के लिए रुपये मांगने पर विवाद के बाद बेटे देवेश ने ईंट और डंडे से हमला कर सेवानिवृत्त दरोगा पिता चोखेलाल बघेल की हत्या कर दी थी। अदालत ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य, बरामदगी और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दोषी बेटे को उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
जिस पिता ने अंगुली पकड़कर बेटे को चलना सिखाया, उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए जीवनभर मेहनत की, उसी बेटे ने नशे की लत के लिए पिता का ही कत्ल कर दिया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (न्यायालय संख्या-26) अमरजीत ने इसे संगीन अपराध माना और दोषी बेटे को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
विज्ञापन
थाना एत्माद्दौला में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अजय सिंह ने तहरीर दी थी। बताया कि उनके पिता चोखेलाल बघेल पुलिस विभाग से दरोगा पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे बजरंग नगर स्थित कालिंदी विहार आवास पर पत्नी नेकसी देवी और छोटे बेटे देवेश बघेल के साथ रहते थे। देवेश चिलम, शराब और अन्य नशे का आदी हो गया था। वह नशे के लिए पिता से रुपये मांगता और मना करने पर घर में कलह करता था।
अजय के मुताबिक, 16 अप्रैल, 2021 की रात पिता चोखेलाल और देवेश एक ही कमरे में सो रहे थे। देर रात रुपयों की मांग करने पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में देवेश ने पास पड़ी ईंट और डंडे से पिता के सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया था।
विज्ञापन
मां ने नहीं देखा फिर भी साक्ष्य ने दिलाई सजा
मुकदमे की सुनवाई के दौरान भावनात्मक पहलू भी सामने आए। मृतक की पत्नी और देवेश की मां नेकसी देवी ने अदालत में गवाही दी कि घटना के समय वह भीतर के कमरे में सो रही थीं। उन्होंने बेटे को हमला करते नहीं देखा। हालांकि, बड़े भाइयों अजय सिंह और प्रेमपाल सिंह ने पिता-पुत्र के बीच नशे और पैसों के लिए चल रहे लगातार विवाद की पुष्टि की। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब पांच फीट लंबा डंडा बरामद किया था। पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय रिपोर्ट में मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के साथ-साथ बचाव के प्रयास में हाथ की हड्डियां टूटने की भी पुष्टि हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 10 गवाह पेश किए गए। परिस्थितिजन्य साक्ष्य, बरामदगी और मेडिकल रिपोर्ट की कड़ियों को जोड़ते हुए अदालत ने सजा सुनाई।