आगरा। जिले की तहरा गांव की रहने वाली भारती बघेल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। चीन में 24 से 30 अप्रैल तक चल रही सीनियर बीच कुश्ती चैंपियनशिप में वे भारतीय टीम की कोच की भूमिका निभा रही हैं।
भारती बघेल की बहन पूजा बघेल ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारती को कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारती बघेल पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान होने के साथ-साथ इंटरनेशनल एनआईएस कोच, ए-ग्रेड एवं लेवल-1 प्रमाणित कुश्ती कोच हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और मानसिक रूप से तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया है। उनकी कोचिंग शैली में अनुशासन, फिटनेस और रणनीति का खास मेल देखने को मिलता है। वहीं, इस सीनियर बीच कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। भारती बघेल के मार्गदर्शन में टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी है।