आगरा के टेढ़ी बगिया स्थित श्याम नगर में नौ लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण के दौरान नाली बनाने में मानकों की अनदेखी की शिकायत मिली। जांच में खामियां सामने आने पर नगर निगम ने मंगलवार को नाली उखड़वा दी।
आगरा के टेढ़ी बगिया स्थित श्याम नगर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान नाली बनाने में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया। शिकायत पर नगर निगम ने जांच कराई तो निर्माण कार्य में खामियां सामने आईं। मंगलवार को नगर निगम के इंजीनियर ने नाली को उखड़वा दिया। ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा नाली का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
श्याम नगर में नगर निगम 9 लाख रुपये से सड़क बना रहा है। इसका निर्माण मै. खंडेलवाल एंड कंपनी कर रही है। क्षेत्र के लोगों ने नाली के निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायत नगर निगम प्रशासन से की थी। इस पर अवर अभियंता हरिओम को जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने निरीक्षण में नाली निर्माण में मानकों का उल्लंघन पाया।
अवर अभियंता हरिओम ने बताया कि जांच में नाली निर्माण में मानकों का पालन नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई। ठेकेदार नाली का दोबारा निर्माण कराएगा। निर्माण कार्य शुरू होते ही गुणवत्ता पर पूरी नजर रखी जाएगी, ताकि कोई गड़बड़ी न हो।
विज्ञापन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि नगर निगम के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। इसमें अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंजीनियरों से नियमित निरीक्षण के लिए कहा गया है।