केरल के एर्नाकुलम शहर से चोरी कर फरार हुए आरोपी को आगरा कैंट आरपीएफ ने शुक्रवार को पकड़ लिया। केरल पुलिस ने अपराधी के संबंध में आरपीएफ को जानकारी दी थी। आरोपी से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद हुए हैं। एर्नाकुलम पुलिस आरोपी को हिरासत में लेने के लिए आगरा आ रही है।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि दोपहर ढाई बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि आगरा कैंट आने वाली केरला एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक चोर सफर कर रहा है। उसने एर्नाकुलम जिले के हिल पैलेस थाने के अंतर्गत एक घर से लाखों के सोने के जेवर चुराए हैं। सूचना पर आरपीएफ सक्रिय हो गई। सवा तीन बजे ट्रेन के आगरा कैंट पहुंचते ही जनरल कोच में फोटो के आधार पर आरोपी को दबोच लिया गया।
अमृतसर का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदकिशोर बताया है। वह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। तलाशी में आरोपी के पास से आरपीएफ को एक मोबाइल, 320 रुपये नकद और डेढ़ लाख रुपये के सोने की चेन बरामद हुई। आरोपी ने आठ नवंबर को वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद फरार हो गया।