आगरा। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-19 क्रिकेट लीग मैच में आगरा-बी और डी टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। टीमों के मध्य रोमांचक मैच हुए।
अवंतीबाई मैदान पर हुए मुकाबले में आगरा-ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। निर्धारित 50 ओवर के मैच में आगरा-डी ने 49 ओवर में 296 रन बनाए। जतिन चौहान ने 106, साहिल गुप्ता ने 75 और कार्तिकेय ने 25 रनों का योगदान दिया। चमन ने 5 विकेट झटके। जवाब में आगरा-ए टीम 37.2 ओवर में 234 रनों पर सिमट गई। आलोक रतन ने 89, चमन ने 21 और कुलदीप शर्मा ने 24 रनों का योगदान दिया। आर्यन चौहान ने 3 और वंश ने दो विकेट लिए। जतिन चौहान को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
इसी तरह मान्या क्रिकेट मैदान पर हुए मुकाबले में टॉस आगरा-सी टीम ने जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम 40.4 ओवर में 181 रनों पर सिमट गई। कप्तान ध्रुव ने 67 और अभी ने 61 रनों का योगदान दिया। गोपाल चाहर ने 5 विकेट और नितिन गोला ने दो विकेट प्राप्त किए। जवाब में आगरा-बी टीम ने 15.2 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। ओम मिश्रा ने 78, सौरभ राज ने 46 और गोपाल ने 47 रनों का योगदान दिया। टीम-सी से एकमात्र विकेट हिमांशु को मिला। सौरभ को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।