फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी पर बरसे, माया को बख्शा

Sat, 04 Feb 2017 01:12 AM IST
मोदी पर बरसे, माया को बख्शा
विज्ञापन
मोदी पर बरसे, माया को बख्शा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
यूपी को ये साथ पसंद है, नारे के साथ स्पेशल बस विजयरथ पर सवार होकर ताजनगरी में अपनी दोस्ती का रंग जमाने आए राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही निशाने पर रखा। दोनों नेता बसपा अध्यक्ष मायावती पर बोलने से बचे। शायद यह रणनीति का हिस्सा था। इसके पीछे उनकी कोशिश दलित-मुस्लिमों के बीच यह संदेश देना माना जा रहा है कि मुकाबला भाजपा और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच में है।
विज्ञापन

पिछले चार महीनों में अखिलेश और राहुल दोनों पहले भी आगरा आ चुके हैं। पत्थर वाली सरकार और बुआजी कहकर अखिलेश अक्सर मायावती को निशाने पर रखते थे। राहुल गांधी ने 27 साल यूपी बेहाल नारे के साथ किए गए पिछले रोड शो और खाट सभा में भाजपा, बसपा और सपा तीनों को निशाने पर रखा था। लेकिन अब उनके सुर बदले हुए थे। उन्होंने कहा बसपा के बारे में बात नहीं करेंगे, क्योंकि वह रेस में नहीं है। राजनीति के जानकारों की मानें तो इसके पीछे बसपा को कमजोर साबित करना था ताकि मुस्लिमों के बीच संदेश जाए कि भाजपा और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच ही मुकाबला है। बता दें, जिन तीन विधानसभा क्षेत्र से होकर रोड शो गुजरा, उनमें उत्तर को छोड़कर दक्षिण और छावनी में मुस्लिम वोटरों का हार जीत में अहम रोल है। इन तीन में उत्तर और छावनी में सपा के उम्मीदवार हैं जबकि दक्षिण सीट पर कांग्रेस के। पिछले चुनाव में उत्तर और दक्षिण में भाजपा जीती थी जबकि छावनी में बसपा।

राहुल ने अखिलेश की पीठ ठोकी
आगरा। राहुल और अखिलेश ने एक दूसरे की तारीफ की। अखिलेश यादव ने कहा कि वह राहुल गांधी के साथ मिलकर भाजपा और संघ की सांप्रदायिकता को विकास की राजनीति से हरा देंगे। राहुल गांधी ने अखिलेश के काम की तारीफ की। बोले, अखिलेश ने अच्छा काम किया है, दिल से काम किया है। साथ ही यह भी कहा, अभी और काम की जरूरत है।
विज्ञापन

छह को जवाब देंगी मायावती 
आगरा। राहुल गांधी ने बसपा को रेस से बाहर बताया है। अब देखना यह है कि बसपा अध्यक्ष मायावती इस पर क्या जवाब देती हैं, छह फरवरी को उनकी आगरा के कोठी मीना बाजार में रैली है। आगरा में नौ में से छह सीटें पिछले चुनाव में बसपा ने जीती थीं।

रोड शो से नदारद रहे राजबब्बर
आगरा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो से कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर ने दूरी बनाए रखी। वह रोड शो में कहीं भी नजर नहीं आए। कांग्रेसियों का कहना था कि वह केवल रोड शो की तैयारी करवाने आए थे। उन्हें रोड शो में भाग नहीं लेना था। हालांकि कई कांग्रेसियों का कहना था कि उन्हें रणनीति के तहत ही शो से अलग रखा गया था। हालांकि रोड शो की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को आगरा पहुंचे राजबब्बर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के साथ बैठकें की थीं। 

ये साथ देश की राजनीति की 
दिशा भी बदलेगा: अखिलेश
आगरा। रोड शो खत्म होने के बाद बिजलीघर चौराहा पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने माइक संभालते ही युवाओं के उत्साह की सराहना की। कहा कि कभी-कभी युवा जोश में ‘साइकिल’ का हैंडल छोड़ देते हैं लेकिन अब ‘हाथ’ का साथ मिल गया है। ऐसे में साइकिल की रफ्तार और बढ़ेगी। 
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे। गरीबों के खाते में 15-15 हजार तो जमा ही करा दें। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले जब भी बोलते हैं, जहर उगलते हैं। सपा और कांग्रेस सांप्रदायिकता को विकास की राजनीति से हराने आए हैं। राहुल गांधी और उनका गठबंधन देश की राजनीति की दिशा भी बदलेगा।

बसपा रेस में नहीं, इसलिए 
उसकी बात नहीं: राहुल
आगरा। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर भी पीएम मोदी रहे। उन्होंने भाषण की शुरुआत तीन सवालों से की। बोले, आप में से किसी की जेब में 15 लाख रुपये आए क्या? क्या नोटबंदी की लाइन में अमीर लोग लगे देखे गए? इसके बाद कहा कि लाइन में गरीब, मजदूर और किसान लगे। मोदीजी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की बात करते हैं लेकिन काम देश के 50 सबसे अमीर लोगों के लिए करते हैं। मोदी विकास की बजाय मार्केटिंग की राजनीति करते हैं। कहा कि अखिलेश ने पिछले सालों में काफी काम किए हैं। कहा कि मोदी जहां भी जाते हैं विरोध और नफरत फैलाते हैं। सपा और कांग्रेस दोनों भाजपा और आरएसएस को यूपी से भगाकर दिखाएंगे। बजट में भी किसान, मजदूर के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि बसपा की बात नहीं करेंगे, वह रेस में नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें