हादसे के बाद मौके पर खड़े स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से गुड़गांव जा रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा फिरोजाबाद के नगला खंगर क्षेत्र अंतर्गत जहांनाबाद बीरई के समीप हुआ। हादसे में कार सवार आठ लोगों में से छह घायल हो गये।
जानकारी पर थाना पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। दो की हालत गंभीर है। रिश्तेदारों के घायल होने की जानकारी पर एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी इमरजेंसी पहुंचे और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया।
कानपुर के स्वरूप नगर निवासी ग्रीश महीवाल परिवार के साथ कानपुर से गुड़गांव इनोवा कार से लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे से आ रहे थे। गाड़ी को अरविंद कुमार (60) चला रहे थे।
वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
नगला खंगर क्षेत्र अंतर्गत बीरई जहांनाबाद के समीप पहुंची, तभी सामने खड़े वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नगला खंगर और पेट्रोलिंग में तैनात पूर्व सैनिक मौके पर पहुंचे। घायलों को शिकोहाबाद अस्पताल भेजा।
आगरा के एडीएम निधी श्रीवास्तव के रिश्तेदारों के घायल होने की जानकारी पर एसडीएम जैनेंद्र सिंह, तहसीलदार कुमार चंद्र सहित पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को आगरा रेफर कर दिया।
घायलों में मीरा महीवाल (70) पत्नी ग्रीश महीवाल, दिविक महीवाल (9), लक्षित (3), प्रभा महीवाल (35) पत्नी सतीश महीवाल व चालक अरविंद कुमार निवासी स्वरूप नगर कानपुर के अलावा बीटू निवासी स्टेट बैंक के पास शिकोहाबाद शामिल हैं।