अग्निपथ से नाराज युवा रैपुराजाट पर जाम लगाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा फरह में केंद्र सरकार की अग्निपथ भर्ती योजना के खिलाफ बृहस्पतिवार को युवाओं ने प्रदर्शन किया। हाईवे को जाम कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेशनल हाईवे-19 पर लगे जाम से दिल्ली व आगरा दोनों ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे लोग परेशान हो गए। करीब एक घंटे बाद आगरा व मथुरा जिले के अधिकारियों के समझाने के बाद युवा हाईवे से हटे।
दो दिन पूर्व सरकार ने पुरानी सेना भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर नई अग्निपथ योजना शुरू की है। इससे खिलाफ देशभर के युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को आगरा-मथुरा जिले की सीमा रैपुरा जाट स्थित हाईवे पर दोनों जिलों के युवा एकत्र हो गए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। इससे सैकड़ों वाहनों की लाइनें लग गईं। भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी हुई। बसों में सवार कई महिलाओं व बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। युवाओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक केंद्र सरकार इस योजना को वापस नहीं लेती, तब तक विरोध जारी रहेगा।
जाम की जानकारी लगते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। कुछ ही देर में आगरा व मथुरा के कई थानों का फोर्स और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एक घंटे से अधिक समय तक अधिकारी युवाओं को समझाते रहे। काफी समझाने के बाद युवाओं ने जाम खोल दिया। युवाओं का कहना था कि अग्निपथ योजना के तहत से उनका भविष्य खराब हो जाएगा। इसे केंद्र सरकार तत्काल वापस ले। नहीं तो आंदोलन ज्यादा बड़े स्तर पर किया जाएगा।
ये है अग्निपथ योजना
अग्निपथ योजना के तहत चार साल के लिए युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती किया जाएगा। योजना के तहत चुने गए युवाओं को अग्निवीर कहा जाएगा। इसके बाद महज 25 फीसदी को ही नौकरी दी जाएगी। शेष को चार साल बाद घर भेज दिया जाएगा।
बुधवार को ही शुरू हो गया था विरोध
मंगलवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अग्निपथ योजना की शुरूआत की थी। उसके बाद से ही देशभर में इसका विरोध शुरू हो गया था। मथुरा में बुधवार को भी युवाओं ने प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा था। बृहस्पतिवार को युवाओं का यह प्रदर्शन हाईवे तक पहुंच गया।
समझाने के बाद भेजा गया घर
सीओ रिफाइनरी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दो सौ से अधिक युवकों ने सेना भर्ती की नई नीति को लेकर हाईवे पर जाम लगाया था। उनको समझा-बुझाकर जाम खुलवाया है। उनसे ज्ञापन लिया गया है। सभी को समझा कर घर भेज दिया गया।