फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agneepath Scheme Protest: आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बवाल, एसओ मलपुरा की गाड़ी पर पथराव

Fri, 17 Jun 2022 11:43 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

आगरा-ग्वालियर रोड स्थित गांव बाद पर अग्निपथ के विरोध में अभ्यर्थियों ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान एसओ मलपुरा की गाड़ी पर पथराव कर दिया गया।
विज्ञापन
Agneepath Scheme Protest - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में आगरा में दूसरे दिन शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन हुआ। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर सैकड़ों युवकों ने जाम लगा दिया। पुलिस के दौड़ाने पर पथराव कर दिया। एसओ की गाड़ी तोड़ डाली। भांडई रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर मालगाड़ी पर पथराव किया। रेलवे लाइन क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया। चार घंटे तक बवाल से ग्वालियर हाईवे बाधित रहा।
विज्ञापन


अग्निपथ के विरोध में बृहस्पतिवार से ही मलपुरा क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने लगे थे। इसमें भांडई रेलवे स्टेशन पर इकट्ठा होने का ऐलान किया गया था। इसकी जानकारी पर पुलिस अलर्ट हो गई थी। शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ आरपीएफ भांडई रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दी गई। सुबह दस बजे 50-60 युवक स्टेशन पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस पर पुलिस अधिकारियों ने समझाया। इस पर सभी वापस चले गए।

Agneepath Scheme Protest - फोटो : अमर उजाला
सुबह 10:30 बजे एक किलोमीटर दूर बाद गांव में युवक दौड़ लगाने वाले मैदान पर आ गए। यहां प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए ग्वालियर हाईवे पर आकर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी पर सीओ अछनेरा राजीव कुमार और एसओ मलपुरा तेजवीर सिंह पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारी युवकों को वहां से खदेड़ दिया। 500 मीटर की दूरी पर पहुंचकर युवाओं ने हाईवे पर लगी रेलिंगें तोड़ दीं और इनको सड़क पर रख दिया। डिवाइडर तोड़कर ईंट पत्थर निकाल दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो हंगामा करने लगे। इससे पुलिस के होश उड़ गए, वहीं वाहन भी रुक गए। हाईवे पर जाम लगने लगा, इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची। 
विज्ञापन

युवक पूर्वाह्न 11 बजे ग्वालियर हाईवे पर ही आगे की तरफ चले गए। यहां उन्होंने जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो जाम लगा रहे युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। एसओ मलपुरा की गाड़ी के शीशे टूट गए। इस पर पुलिसकर्मियों ने भागकर खुद को बचाया। इसकी जानकारी पर एसपी पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने युवकों दौड़ा दिया, इसके बाद ही जाम खुल सका।

यहां से भगाए गए प्रदर्शनकारी युवक भांडई रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गए। उन्होंने झांसी से आ रही मालगाड़ी पर पथराव कर दिया। रेलवे लाइन को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। इसकी जानकारी पर पुलिस और आरपीएफ पहुंची। इसके बाद लाइन के पास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। इसके बाद युवक भाग खड़े हुए। कुछ युवक बटेश्वर रेल लाइन पर भी पहुंचे थे। सुबह दस बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक ग्वालियर हाईवे पर कई बार युवकों के आने से यातायात बाधित हुआ। 

जेल भेजे जाएंगे उपद्रवी 

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। मलपुरा में हाईवे पर पथराव करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ को गिरफ्तार भी किया है, आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। उपद्रव में कुछ बाहरी लोग भी शामिल हैं, उनकी पहचान की जा रही है। सोशल मीडिया पर नजर है। इस पर किसी तरह का आपत्तिजनक संदेश डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। 

दहशत में आए लोग

ग्वालियर हाईवे पर युवाओं ने प्रदर्शन के दौरान जाम लगा दिया था। इस कारण बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। इस दौरान पुलिस के आने पर पथराव होने लगा। इससे बड़े वाहनों के सवार यात्री और अन्य लोग दहशत में आ गए। युवक पुलिस के आने पर इधर-उधर भाग रहे थे। ऐसे में लोगों को डर था कि वह उनके वाहनों को भी निशाना न बना लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें