बारिश के बाद तेज हवा, खेतों में बिछी गेंहू की फसल
बाह। जिलेभर में बुधवार को दिन में बारिश हुई थी। रात में तेज हवा चली थी। नतीजतन खेतों में गेहूं और सरसों की फसल बिछ गई है। बारिश के बाद नमी बढ़ने से आलू की खुदाई भी ठप हो गई। बेमौसम बारिश से गेहूं, सरसों और सब्जी की फसलों में नुकसान की आशंका से किसान परेशान हैं।
जरार गांव के किसान सुरेंद्र सिंह, गुंगावली के वीरेंद्र सिंह, चांगौली के राकेश भदौरिया, बिजौली के सोबरन सिंह ने बताया कि गेहूं की फसल में बालियां निकल आई हैं, दाना बन रहा है। जिन खेतों की सिंचाई हो गई थी, उनमें तेज हवा से गेहूं की फसल बिछ गई है, जिससे दाना कमजोर रहने से उपज घटेगी। वहीं किसान पुरुषोत्तम सिंह, रामसेवक, हाकिम सिंह ने बताया कि सरसों की अगेती फसल बारिश से भीग गई थी, बृहस्पतिवार को धूप खिली, पककर तैयार खड़ी सरसों की फसल की फलियां चटकने से दाने बिखरने और पैदावार घट सकती है। इससे किसान चिंतित हैं। हालांकि हालांकि बृहस्पतिवार को मौसम साफ होने से आलू किसानों ने राहत की सांस ली है।
जगनेर, लादूखेड़ा, अकोला में भी बेमौसम बारिश और हवा से फसलों के गिरने से किसान परेशान हैं। लादूखेड़ा क्षेत्र के किसान छतर सिंह, अजय शुक्ला ने बताया कि खेतों में सरसों की कटाई चल रही है। बारिश से खेतों में कटी पड़ी फसल भीग गई। आलू की खुदाईका काम भी कम से कम 8 दिन प्रभावित रहेगा। अकोला के किसान यदुवीर सिंह, शैलेंद्र सिंह उर्फ शैली, सत्यभान सिंह ने बताया कि इस बेमौसम हुई बारिश से गेहूं, सरसों और आलू की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भर जाने से बैंगन, मिर्ची और टमाटर की फसल पर भी असर पड़ेगा।