मैनपुरी। एटीएस द्वारा आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से अवैध हथियार और कारतूसों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किए शहर कोतवाली के गांव परौख के अंकित चौहान के संबंध में मैनपुरी में भी दबिश दी।
शनिवार देर शाम एटीएस लखनऊ की एक टीम रेलवे गेट चौकी पर पहुंची। इसके बाद टीम ने स्टेशन रोड व आसपास शस्त्र स्थित शस्त्र विक्रेताओं की दुकानों पर जाकर पूछताछ की। साथ ही कारतूस खरीद बिक्री आदि का ब्योरा जुटाया। टीम ने अपनी मौजूदगी को गोपनीय रखते हुए स्थानीय पुलिस से किसी को जानकारी न दिए जाने की बात कही। गोपनीय तौर पर तहकीकात के बाद एटीएस की टीम कारतूस बिक्री का ब्योरा लेते हुए रवाना हो गई। इधर, परौख गांव के लोगों को गिरफ्तार अंकित चौहान उर्फ कृष्णा पुत्र सर्वेश कुमार की गिरफ्तारी के संबंध में भनक भी नहीं लगी। अंकित चौहान के खिलाफ हाल में कोई मुकदमा मैनपुरी शहर कोतवाली में भी दर्ज नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि उसने जल्द ही में जरायपेशे में दस्तक दी है। इधर, गोपनीय तौर पर पुलिस अंकित के बारे में उसके गांव, परिवार के लोगों से जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि पता लग सके कि हथियार, कारतूस तस्करी में उसके साथ और कौन स्थानीय अपराधी संलिप्त है। अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने बताया एटीएम के मैनपुरी में आने के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है।