युवक से नकदी लूटने के बाद नहर के पास फेंका
-कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात, दोपहर से लापता था
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के ब्रज कॉलोनी निवासी एक युवक फिल्टर पानी की सप्लाई लेकर गया था। गोला बाजार से वापस लौटाते समय बाइक सवार तीन युवक पीछे लग गए। इस बारे में युवक ने फोन कर अपने दोस्त को भी बताया। जब तक दोस्त वहां पहुंचा, युवक नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद शाम के समय युवक सिंहपुर नहर के पास मिला। उसने बताया कि तीन लोगों ने उसकी पिटाई की और नकदी लूट कर ले गए। भयभीत युवक को परिजन अपने साथ घर ले गए।
कोतवाली क्षेत्र के ब्रज कालोनी के रहने वाले ब्रजेश गुप्ता का पुत्र दीपक गुप्ता एक फिल्टर पानी बेचने वाली गोदाम पर काम करता है। सोमवार की दोपहर वह गोला बाजार के पास पिकअप से सप्लाई देने के लिए गया था। उसके पास करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी थी। गोला बाजार से वापस लौटते समय बाइक सवार तीन युवक उसके पीछे लग गए। शक होने के बाद दीपक ने अपने दोस्त को फोन कर इस बारे में जानकारी दी। जब दोस्त मौके पर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। युवक को फोन भी स्विच ऑफ बताने लगा। परिजन तलाश करने लगे। इस बीच शाम के समय दीपक सिंहपुर नहर के पास बदहवास हालत में मिला। मौके पर पहुंचे परिजन को बताया कि तीन लोग उसका पीछा कर रहे थे। उस पर न जाने क्या डाला कि उस पर बेहोशी छा गई। इसके बाद वह सिंहपुर नहर के पास कैसे पहुंचा। इस बारे में उसे कुछ भी याद नहीं है। परिजन को बताया कि उसके पास रखी नकदी भी लूट ली गई और पिटाई भी की है। घटना से दहशत में आए युवक को परिजन अपने साथ घर ले गए।