मैनपुरी। एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी के साथ आरोपी युवक ने नाजायज संबंध बनाए। जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। गर्भ का पता लगने के बाद किशोरी को गर्भपात की दवा खिला दी। हालत बिगड़ने के बाद किशोरी की मौत हो गई थी। मामले में एसपी के आदेश पर आरोपी व परिजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी की गांव के ही रहने वाले आरोपी पंकज सिंह से फोन पर बातचीत होने लगी। इसके बाद युवक से उसके नाजायज संबंध हो गए। करीब एक साल तक संबंध के दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। परिजन को जानकारी हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई। किशोरी व आरोपी युवक को घर जाकर समझाया लेकिन फिर भी नहीं माने। जब युवक पर शादी का दबाव बनाया तो मना कर दिया।
आरोपी ने गर्भपात कराने के लिए कहा तो किशोरी लोकलाज के भय से तैयार हो गई। 31 जनवरी 2024 को आरोपी ने किशोरी को गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद तबीयत बिगड़ गई। मां के पूछने पर किशोरी ने बताया कि पंकज ने शायद गर्भपात की जगह जहर खिला दिया है। परिजन ने मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया जहां पीड़िता ने दम तोड़ दिया। पंकज का भाई राहुल और भाभी रेशू भी उसका संरक्षण करते रहे। मामले में एसपी के आदेश पर आरोपी पंकज उसकी मां श्यामा देवी, राहुल और रेशू के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, आपराधिक षडयंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है।