मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल की रोकथाम के लिए विभाग के सामने आज आयोजित होने जा रही हाईस्कूल विज्ञान और इंटरमीडिएट गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा चुनौतीपूर्ण है। शासन ने परीक्षा की विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश पर राज्य पर्यवेक्षक राजकुमार यादव ने जनपद में ही डेरा डाल लिया है। उन्होंने बृहस्पतिवार की परीक्षा के लिए सभी सचलदलों और मजिस्ट्रेटों को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में जनपद को नकल रोकने के लिए अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इसके तहत जिल में निगरानी के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ऑनलाइन निगरानी के साथ ही जिले के सभी 99 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं। इसके साथ स्वयं राज्य पर्यवेक्षक संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ राजकुमार यादव ने जनपद में डेरा डाल रखा है। सूत्रों की मानें तो बुधवार को राज्य पर्यवेक्षक ने डीआईओएस और सचलदल प्रभारियों के साथ गोपनीय बैठक की। इस बैठक में नकल के लिए पूर्व में प्रसिद्ध रहे कॉलेजों की सूची तैयार की गई है। यहां विशेष रूप से आज की परीक्षा में उड़नदस्ता मौजूद भ्रमण कर जांच करेगा।
हाईस्कूल गणित की सफल परीक्षा के लिए मिली बधाई
हाईस्कूल गणित की परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने पर सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर परीक्षा कार्यक्रम की निगरानी कर रहे सभी अधिकारियों को बधाई दी है। निर्देश दिए गए हैं कि आगे की परीक्षाओं में भी इसी प्रकार से काम किया जाए।
मॉनिटरिंग सेल को किया सक्रिय
जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने मॉनिटरिंग प्रभारी राहुल गुप्ता को निर्देश दिए हैं कि बृहस्पतिवार की परीक्षा में विशेष निगरानी की जाए। यदि किसी प्रकार की कहीं संदिग्धता दिख रही है तो उसकी जानकारी तुरंत दी जाए इससे कि वहां विशेष निगरानी कराई जा सके।