अदालत में प्रार्थना पत्र देकर युवक ने अंजान महिला और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अंजान महिला ने फर्जी दस्तावेज से पिता के बैंक खाते से रुपये निकाल लिए। इस कार्य में बैंक कर्मचारियों ने भी साथ दिया।
आगरा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पिता की मौत के बाद पेंशन खाते से रुपये निकलने पर बेटे ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। सीजेएम के आदेश पर जगदीशपुरा पुलिस ने महिला और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
शाहगंज बोदला रोड कलाकुंज निवासी अभय तिवारी ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। बताया कि पिता रामअवतार आर्मी और पुलिस विभाग से सेवानिवृत थे। गंभीर बीमारी से 15 अगस्त 2021 में उनकी मौत हो गई। जरूरत पड़ने पर वह बैंक से रुपये निकालने पहुंचे। मगर खाते में रुपये नहीं थे।
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2008 में पिता ने कलेक्ट्रेट स्थित एसबीआई की शाखा में मां पुष्पा के साथ संयुक्त खाता खुलवाया था। मां कि मौत 1975 में हो गई थी। जानकारी करने पर पता चला कि आशा तिवारी नाम की महिला ने उनकी मां पुष्पा देवी के फर्जी दस्तावेज और बेटे योगेश तिवारी के अलावा बैंक कर्मचारियों की मदद से रुपये निकाल लिए।