टूंडला (फिरोजाबाद)। नगर में दिन पर दिन पेयजल समस्या गहराती जा रही है। करीब हर वार्ड में पेयजल की समस्या बनी हुई है। कहीं नलकूपों ने भूजल स्तर के कम होने के कारण सप्लाई देना बंद कर दिया है तो कहीं पेयजल पाइप लाइनें फटने से आपूर्ति बाधित हो रही है। बावजूद जल निगम द्वारा बनायी गईं नगर में चार टंकियों से पालिका आपूर्ति नहीं दे रही।
टूंडला नगर को पेयजल सप्लाई देने के लिए चार जोन में बांटा गया है। सुभाष चौराहे से एटा रोड के पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्र व सुभाष चौराहे से स्टेशन रोड का पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्र है। इन चारों क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति प्रदान करने के लिए जल निगम द्वारा चार टंकियों का निर्माण कराया गया है। बावजूद इसके नगरवासी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। इसके पीछे उन टंकियों से दी जाने वाली सप्लाई मात्र सीमित क्षेत्र तक ही होती है।
वार्डों में पूर्व में लगे नलकूपों से ही सप्लाई दी जा रही है, परंतु हर वर्ष भूजल स्तर के गिर जाने से नलकूप भी काम करना बंद कर रहे हैं। शिवपुरी कॉलोनी, सम्राट नगर, राधा नगर, मनी की मढैया, पंचवटी एन्क्लेब, सूर्य नगर, सांवले प्रसाद रोड, जैन गली, बल्देव रोड में नलकूप भूजल स्तर गिर जाने से नलकूप पर्याप्त पेयजल सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं।
घटिया क्वालिटी की डाली गई हैं पाइपलाइन
टूंडला। लोगों ने टंकियों से पेयजल आपूर्ति के लिए डाली गई पाइपलाइन घटिया बताया। एनपी सक्सेना, डीपीसिंह, डॉ. बीपी पोनियां, पुष्पेंद्र उपाध्याय, संजय पचौरी, यतेंद्र वर्मा, पल्लव मोइत्रा आदि ने पाइपों की जांच कराते हुए टंकियों से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
पेयजल के लिए हर घर में लगे है मोटर
टूंडला। नलकूपों से दी जाने वाली पेयजल की सप्लाई घरों तक सीधे नहीं पहुंचती। प्रेशर इतना कम होता है कि लोगों को नालियों पर ही पाइप से पानी भरना पड़ रहा है। वहीं अधिकतर घरों में मोटर लगीं हैं। लोग मोटर से पानी घरों तक पहुंचाते हैं।
पेयजल टंकियों से कुछ क्षेत्रों में सप्लाई दी जा रही है लेकिन अधिकांश जगह प्रेशर से पाइपलाइनें फट गईं हैं। कहीं पाइप लाइन चोक हो गईं हैं। इसलिए सप्लाई नहीं हो पा रही। अभी गर्मी को देखते हुए नलकूपों के पाइप बढ़वाकर सप्लाई दी जा रही है। आगे सभी नलकूपों को पेयजल टंकियों से जोड़ते हुए समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
मुकेश कुमार, ईओ-नगर पालिका, टूंडला
फोटो-