आगरा की सदर तहसील स्थित निबंधन भवन में बैनामा पंजीकरण ठप है। ऑनलाइन सर्वर काम नहीं कर रहा। सात दिन से परेशान पक्षकार, अधिवक्ताओं और कातिबों ने शनिवार को हंगामा किया। ज्ञापन देकर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को घंटो इंतजार करने के बाद बैनामा नहीं होने से परेशान पक्षकारों ने हंगामा किया। अधिवक्ताओं ओर कातिबों ने ऑनलाइन प्रक्रिया का विरोध किया। सभी ने एकत्र होकर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के नाम उप निबंधक मोहम्मद नईम रजा को ज्ञापन सौंपा। समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सत्य प्रकाश धाकरे ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया से पक्षकारों के लिए सुविधा की बजाय दुविधा खड़ी हो गई है।
एक दस्तावेज के लिए क्रेताओं और विक्रेताओं काे तीन से चार दिन चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सदर तहसील बार एसोसिएशन पूर्व अध्यक्ष लाल बहादुर राजपूत ने बताया कि पिछले सात दिनों से ऑनलाइन बैनामा सर्वर रुक-रुक कर चल रहा है।
दिनभर सर्वर हैंग रहता है। एक-एक आवेदन में चार घंटे लग रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा। सदर के पांच निबंधन कार्यालयों में हर दिन 150 ये 200 बैनामे पंजीकृत होते थे, पर अब इसमें परेशानी हो रही है। इससे राजस्व आय भी प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन में श्याम सुंदर शर्मा, मनोज कुमार, इन्द्रपाल सिंह, संजय वर्मा, भगवान सिंह, अमरनाथ पाठक, विजय कुमार, राजेंद्र जैन, कपिल सिंघल, योगेंद्र जादौन, सत्यभान सिंह आदि मौजूद रहे।