कासगंज वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। नगर के एक वरिष्ठ अधिवक्ता कोरोना की जंग में हार गए। कोरोना निगेटिव होने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शनिवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। अधिवक्ता की मौत से साथी अधिवक्ताओं में शोक की लहर है।
जनपद न्यायालय में विधि कार्य करने वाले अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह (54) निवासी मोहल्ला मोहन चित्रगुप्त कॉलोनी 30 दिसंबर को कोरोना संक्रमित पाए गए। कोरोना संक्रमित पाए जाने पर उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा था। कोरोना संक्रमित होने के बाद अधिवक्ता की हालत बिगड़ गई थी।
इलाज के दौरान वे कोरोना निगेटिव भी हो गए, लेकिन उनके फेफड़ों में संक्रमण बना रहा। उनका इलाज लगातार जारी रहा। ठीक एक माह इलाज चलने के बाद शनिवार की सुबह नोएडा के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
अधिवक्ता के निधन की सूचना शहर के लोगों व अधिवक्ता साथियों को हुई तो शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर लोगों ने अधिवक्ता की मौत पर शोक जताया है। अधिवक्ता के परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर सायं तक डटे रहे। देर रात उनका शव नोएडा से लाया गया।