मैनपुरी। दीवानी परिसर में शुक्रवार रजिस्टर पर मोहर लगवाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अधिवक्ता की पिटाई कर दी। बीच बचाव कर लोगों ने अधिवक्ता को बचाया। कोतवाली पुलिस ने घायल का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के महालक्ष्मीपुरम कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अरविंद पांडेय ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह एक केस में पैरवी करने के लिए गए थे। उन्हाेंने प्राइवेट कर्मी रोहिताश यादव निवासी गनेशपुरा से रजिस्टर पर मोहर लगाने के लिए कहा। रोहिताश ने इस काम के लिए 500 रुपये की मांग की। कहा कि जब रुपये दोगे तभी रजिस्टर पर मुहर लगेगी। रुपये देने से मना किया तो आरोपी गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर अपने 3-4 साथियों के साथ मिल कर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। आरोपी उनका गला दबाने लगा। इस बीच वहां आए कुछ लोगों ने बचाया। पुलिस ने आरोपी प्राइवेटकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।