आगरा। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को एमजी रोड की जगह वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा। इसके बाद भी सोमवार को वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल नहीं किया। रावली पुल से लेकर साईं की तकिया तक दिनभर जाम के हालात बने रहे।
एमजी रोड पर दीवानी चौराहा, हरीपर्वत, एसएन मेडिकल कालेज तिराहा, धाकरान तिराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, रावली पुल, साईं की तकिया आदि जगहों पर मेट्रो के निर्माण कार्य के कारण सड़क संकुचित है। रविवार को यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को एमजी रोड की बजाय वैकल्पिक मार्गों से निकलने को कहा था। भगवान टॉकीज चौराहा, सूरसदन, हरीपर्वत समेत कई चौराहों यातायात पुलिस की अतिरिक्त टीमें लगाई गई थीं। लोगों को जानकारी का अभाव था और लंबी दूरी तय करने से बचने के लिए राहगीर एमजी रोड पर होकर ही निकले। पुलिस हर वाहन चालक से उसका गंतव्य नहीं पूछ सकती थी। ऐसे में वाहनों का दबाव रोजाना की तरह रहा। दोपहर 1 बजे के करीब स्कूलों की छुट्टी के समय हालात बिगड़ गए। रावली पुल से साईं की तकिया तक वाहनों की कतार लगी रही। हरीपर्वत चौराहे पर भी वाहन निकालने में लोगों को 15 मिनट तक लग गए। उमसभरी गर्मी में स्कूली बच्चे काफी परेशान हो गए।
मदिया कटरा पर डायवर्जन
सीएम ग्रिड योजना के कार्य के चलते हरीपर्वत से दिल्ली गेट रोड पर काम चल रहा है। सोमवार को पुलिस ने मदिया कटरा के पास से डायवर्जन कर दिया। हरीपर्वत की ओर जाने वाले वाहनों को बाबू गुलाब राय रोड की ओर से निकाला गया। स्कूलों की छुट्टी के समय अभिभावक विपरीत दिशा में वाहन लेकर हरीपर्वत की ओर जाने लगे। इससे जाम की स्थिति बन गई। यातायात पुलिसकर्मियों ने सख्ती से डायवर्जन का पालन करवाया और यातायात सामान्य किया।