तीन अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी
-डीएम ने मुख्यमंत्री डेशबोर्ड की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री डेशबोर्ड, मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा की। लापरवाही सामने आने पर जिला दुग्ध अधिकारी, यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक, जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को कारण बताओ नोटिस जारी करने, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। अनुपस्थित कार्यदायी संस्था एनबीसीसी के अभियंता को, खंड विकास अधिकारी घिरोर को चेतावनी जारी करने, अनुपस्थित अधिशासी अभियंता जल निगम का स्पष्टीकरण लेने, जल जीवन मिशन की प्रगति खराब होने पर सहायक अभियंता को चेतावनी जारी करने, खाद, बीज सब्सिडी का भुगतान समय से किसानों को डीबीटी के माध्यम से न करने पर उप निदेशक कृषि का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष उपस्थित सुधारी जाए। शहरी क्षेत्र के ऑपरेशन कायाकल्प से वंचित विद्यालयों में के तहत संतृप्त होने से शेष हैं उनमें संबंधित अधिशासी अधिकारी नगर निकाय से समन्वय स्थापित कर तत्काल अवशेष विद्यालयों को सभी बिंदुओं से संतृप्त कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर गोपाल शर्मा, उपायुक्त मनरेगा पीसी राम, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे।
विकास कार्यों की रैंकिंग में मैनपुरी 63वें स्थान पर
सीएम डैशबोर्ड के तहत विकास कार्यों की रैंकिंग जारी कर दी गई है। इसमें मैनपुरी को 63वां स्थान मिला है। ये रैंकिंग फरवरी में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर जारी की गई है। जनवरी के आधार पर जारी रैंकिंग में मैनपुरी का स्थान 37वां था। ऐसे में इस बार रैंकिंग काफी नीचे खिसक गई है।