छाता पुलिस और स्वाट टीम ने 1.75 लाख रुपये के इनामी आडवानी गैंग के सरगना शाहिद को उसके चार साथियों के साथ दबोच लिया है। आडवानी गैंग ने छाता हाईवे पर वेकमेट फैक्टरी के बाहर लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को उखाड़ा था। पुलिस ने 5.30 लाख रुपये, हथियार, एटीएम उखाड़ने में प्रयोग सामान बरामद किया है।
पांच फरवरी की रात छाता हाईवे पर वेकमेट फैक्टरी के खुलासे को जुटी छाता और स्वाट टीम को शुक्रवार की दोपहर सफलता मिल गई, जब सीओ छाता जगदीश कालीरमण के नेतृत्व में टीम ने आडवानी गैंग के सरगना समेत पांच शातिर लुटेरों को मुठभेड़ में दबोच लिया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि छाता थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने पांच लुटेरे पकड़े हैं।
इनमें सरगना शाहिद उर्फ आडवानी निवासी गांव खरखड़ी, नूहं (मेवात), शाहरुख निवासी नाडका, अलवर (राजस्थान), शाहरुख उर्फ समीर निवासी नकासा, कोसीकलां, शहजाद निवासी ग्वारका, नूहं (मेवात) और रहीस निवासी विशंभरा, शेरगढ़ है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है। इस गैंग ने आठ राज्यों में 100 एटीएम उखाड़े हैं। सरगना पर करीब 59 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा से एक लाख, 25 हजार नूहं और मथुरा से 50 हजार रुपये का इनाम था।