मैनपुरी। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 24 मार्च से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कार्यक्रम घोषित होते ही जिले में परीक्षा की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों के लिए डबल लॉकर की दो-दो अलमारियों की व्यवस्था की जाए। सुरक्षा व्यवस्था का भी ख्याल रखा जाए।
मंगलवार की रात सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू होकर 12 अप्रैल को समाप्त होंगी। जिले में 58490 परीक्षार्थियों के लिए 95 केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए किसी भी समय प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिले में पहुंच सकती हैं। सभी केंद्र व्यवस्थापक प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए डबल लॉक की दो-दो अलमारियों की व्यवस्था करें।
परीक्षा केंद्रों पर ये व्यवस्थाएं करें
- परीक्षा केंद्र की विशेष सफाई कराई जाए
- कक्षा कक्षों में खिड़की की व्यवस्था हो
- अग्निशमन यंत्र मानक के अनुसार हों
- जनरेटर और इन्वर्टर की व्यवस्था रखें
- इंटरनेट सेवा की पर्याप्त व्यवस्था
- वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे
-कोविड-हेल्प डेस्क की व्यवस्था
-फर्नीचर छात्र आवंटन के अनुसार
11 से शुरू होगा केंद्रों का निरीक्षण
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक हर हाल में 10 मार्च तक सारी व्यवस्थाएं पूरी कर लें। 11 मार्च से केंद्रों के सतत निरीक्षण का कार्य शुरू होगा। इस दौरान व्यवस्थाएं उचित न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर लें। परीक्षा केंद्रों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक।