फतेहाबाद फोटो।फतेहाबाद की नगर चंद्र गौशाला में शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान गोवंशों की स्थिति
फतेहाबाद। गोवंशों में लंपी रोग के मामले सामने आने के बाद पशुपालन विभाग ने टीकाकरण अभियान की निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को अपर निदेशक पशुपालन आगरा देवेंद्र पाल सिंह ने फतेहाबाद क्षेत्र की दो गोशालाओं का निरीक्षण करने के साथ धिमश्री में गोपालकों के घर-घर पहुंचकर गोवंशों के टीकाकरण का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान गोशालाओं में मिली कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
अपर निदेशक सबसे पहले नगर चंद्र गोशाला पहुंचे। यहां एक दिन पहले का हरा चारा पड़ा मिला। इस पर उन्होंने गोशाला संचालक को रोजाना ताजा चारा मंगवाकर गोवंशों को खिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद मेवली कलां गौशाला का निरीक्षण किया, जहां हरा चारा और भूसा उपलब्ध नहीं मिला। चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए गोचर भूमि के संबंध में जानकारी ली गई। बताया गया कि गोचर भूमि में टीला होने के कारण उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस पर अपर निदेशक ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बीवी रामजी योजना के तहत भूमि का समतलीकरण कराने का सुझाव दिया। इसके बाद देवेंद्र पाल सिंह ने धिमश्री में गोपालकों के घर-घर पहुंचकर लंपी रोग से प्रभावित गोवंशों की स्थिति देखी और टीकाकरण की जानकारी ली। रामनिवास शर्मा की गाय में लंपी रोग की शिकायत मिली थी, जिसका टीकाकरण हो चुका था। इसके अलावा सौदान सिंह और राम सिंह की गायों के टीकाकरण की भी जानकारी ली गई। अपर निदेशक ने बताया कि वर्तमान में गोवंशों में लम्पी रोग तथा भैंसों में खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से टीकाकरण कराया जा रहा है। टीकाकरण का सत्यापन किया गया। गोशालाओं में जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए हैं।