आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे इस साल शुरू होना मुश्किल
- फोटो : अमर उजाला
मदिया कटरा से कैलाशपुरी तक की टूटी पड़ी सड़क पर पैच वर्क का काम नगर निगम ने शुरू कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इसी सड़क की मरम्मत के लिए विकास प्राधिकरण भी एस्टीमेट बना रहा है। इसे 21 दिसंबर को पथकर सलाहकार समिति की मीटिंग में रखा जाएगा। सवाल यह है कि पैच वर्क हो जाने के बाद एडीए कैसे मरम्मत कराएगा। साफ लग रहा है कि एडीए के अधिकारी मरम्मत के नाम पर खेल की तैयारी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस सड़क को आगरा विकास प्राधिकरण ने करीब पांच वर्ष करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बनाया था। बारिश के मौसम में सड़क में गड्ढे हो गए थे। एडीए अफसरों ने मरम्मत की बात तो डिवीजन के इंजीनियरों ने करीब 45 लाख रुपये का प्रारंभिक आगणन अफसरों के सामने रखा। जिसे सचिव ने खारिज कर दिया और दोबारा आगणन तैयार के निर्देश दिए। इसके बाद अचानक शनिवार को पैच वर्क प्रारंभ हो गया। कुछ गड्ढों को भर भी दिया। यह कार्य नगर निगम ने कराया है। उधर एडीए के अधिकारी कह रहे हैं कि 21 दिसंबर को पथकर सलाहकार समिति की बैठक में इस सड़क की मरम्मत की प्रस्ताव रखा जाएगा।
छह महीने तक क्यों सोता रहा निगम
कैलाशपुरी रोड पर नगर निगम की ओर से कराए जा रहे पैच वर्क ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला तो यह कि जब नगर निगम पैच वर्क करा रहा है तो अब एडीए किस बात का एस्टीमेट तैयार कर रहा है? जब निगम को ही पैच वर्क कराना था तो छह महीने तक लोगों को परेशान क्यों किया गया? जब शहर में एडीए की कोई रोड है ही नहीं तो एडीए को मेंटीनेंस करता है? सड़क निगम की है तो मरम्मत का पैसा पथकर निधि से नगर निगम को क्यों नहीं दिया जाता है?
कैलाशपुरी रोड का जो प्रारंभिक आगणन एडीए के इंजीनियरों ने तैयार किया था। उसमें नालियों की मरम्मत भी शामिल थी। फाइनल आगणन अभी तैयार होगा। 21 को पथकर सलाहकार समिति की बैठक में रखा जाएगा।
शिवराज सिंह, मुख्य अभियंता, एडीए
सड़क का पैच वर्क नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है। एडीए की शहर में कोई सड़क नहीं है। पथकर निधि से एडीए प्रस्ताव तैयार कर रहा है तो इसका पैसा नगर निगम को दिया जाए।
तरुण कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता नगर निगम