फोटो21कासगंज में सीएमओ कार्यालय पर समीक्षा बैठक करते एडी स्वास्थ्य डॉ.मोहन झा। स्रोत:विभाग
कासगंज। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. मोहन झा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में बुधवार को समीक्षा बैठक की। इसमें स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को शीघ्र लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर निदेशक ने कहा कि योजनाओं के लिए भेजे गए धन का उपयोग धीमी गति से होना स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को खातों में पड़ी धनराशि का तुरंत उपयोग करने और निर्धारित समय सीमा में योजनाओं के लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम, एनआरसी, मातृ मृत्यु, एनसीडी, उप केंद्र के निर्माण, वीएचएसएनडी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोर्टल पर की गई रिपोर्टिंग, आरसीएच पोर्टल के मुख्य इंडिकेटर आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिन ब्लॉकों की प्रगति धीमी मिली उन पर नाराजगी जाहिर की। समय से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार आदि मौजूद रहे।