हिंदी, कन्नड़ समेत 11 भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्मों में अलग-अलग शेड के किरदार निभा चुके अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने मंगलवार को पत्नी रूपाली बरुआ के साथ ताजमहल का दीदार किया। दोपहर बाद वह आगरा पहुंचे और 2 घंटे तक ताजमहल में रहे। सीआईएसएफ जवानों के सुरक्षा घेरे में रहे आशीष विद्यार्थी ने ताज देखकर कहा- वाह ताज। बीते साल मई में रूपाली बरुआ के साथ शादी करने वाले आशीष विद्यार्थी के ताज पहुंचते ही प्रशंसकों में उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
ऑटोग्राफ के लिए कतार लग गई। उन्होंने किसी को भी निराश नहीं किया। उन्होंने गाइड से काले ताज और ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के हाथ काटने को लेकर भी सवाल किए। उनकी फिल्म बिच्छू के गीत की शूटिंग ताजमहल में हुई थी, लेकिन तब वह नहीं आए थे। ताजमहल में सेंट्रल टैंक की डायना सीट पर उन्होंने पत्नी के साथ फोटो खिंचवाए। उन्होंने कहा कि ताज बेहद खूबसूरत और शानदार है। उनकी पत्नी भी ताज की सुंदरता से मंत्रमुग्ध नजर आईं।