थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कैमरों से स्कूटर पर नजर रखी। चालान लगभग एक ही समय सुबह 10 से 11 बजे के बीच कट रहे थे। स्कूटर कलक्ट्रेट से हरीपर्वत चौराहे की तरफ जाता था। सोमवार को हरीपर्वत चौराहे पर चेकिंग के दौरान स्कूटर पकड़ लिया।
स्कूटर चला रहे लाखन सिंह पर 13 हजार रुपये जुर्माना कर दिया। हरीपर्वत थाने में कृष्ण कुमार की तहरीर पर धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी स्कूटर सवार को छोड़ दिया गया है। उसका कहना था कि उसे नहीं पता था कि नंबर गलत है।
एक साल पहले पेंटर ने नंबर गलत कर दिया था। इसलिए ध्यान नहीं दिया। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करेगी। एक्टिवा को सीज कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि ऐसा चालान से बचने के लिए किया गया होगा।
लोहामंडी के खाती पाड़ा निवासी गिरीश भार्गव की एक्टिवा का 13 अगस्त को चालान कटा। फोन पर मैसेज आने पर पता चला। गिरीश का कहना है कि वह संजय प्लेस स्थित अपने आफिस में थे।
चालान में पीछे बैठी सवारी का हेलमेट नहीं पहनना दर्शाया गया। इस पर यातायात पुलिस से शिकायत की। मगर, दूसरी एक्टिवा का रंग फोटो से पहचाना नहीं जा सका। आशंका है कि उनके नंबर से दूसरी एक्टिवा चल रही हो।
पांच मामले में चालान निरस्त, आरोपी नहीं पकड़े
यातायात पुलिस के मुताबिक, पूर्व में पांच मामले एक ही नंबर से दो एक्टिवा चलने के आ चुके हैं। इनमें शिकायत मिलने पर जांच की गई, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े जा सके। इस पर चालान को निरस्त कर दिया गया।