आगरा। गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर कार्रवाई के नाम पर बेसिक शिक्षा विभाग ने 58 लाख रुपये का जुर्माना तो लगा दिया, लेकिन 10 दिन बाद भी इसकी वसूली शून्य है। 7 सितंबर को बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने जिले में संचालित 58 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बाद संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को स्कूल संचालकों से जुर्माने की राशि वसूलकर सरकारी खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक एक भी स्कूल से जुर्माने की रकम सरकारी खाते में जमा नहीं हुई है।
जांच में सामने आया था कि जिले में कई स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहे थे। इनमें कुछ एक-दो साल से तो कुछ करीब 10 साल से चल रहे थे। विभाग ने सभी 58 स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूल बंद कराने के आदेश भी दिए थे। सबसे ज्यादा 15 स्कूल बाह में मिले थे। जैतपुर कला में 13 और फतेहाबाद में 9 स्कूल पकड़े गए। इसके अलावा फतेहपुर सीकरी में पांच, नगर क्षेत्र में चार, अछनेरा में चार, पिनाहट में दो और शमसाबाद में एक स्कूल मिला था। सभी 58 स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये के हिसाब से कुल 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आदेश के बाद बीएसए ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को कठोर निर्देश दिए थे। जुर्माने की धनराशि संबंधित विद्यालय संचालकों से वसूल करते हुए आर्थिक दंड धनराशि को जमा कराया जाए।
अभी बीईओ के माध्यम से जुर्माने की धनराशि जमा नहीं हुई है। - डॉ. राकेश सिंह, बीएसए