किशनी के गांव गोकुलपुर में शासन के कब्जे की जमीन से धान कटाई करती मशीन
- फोटो : MAINPURI
किशनी। क्षेत्र के गांव गोकुलपुर में जिला पंचायत की भूमि को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराया गया। अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि का सीमांकन कर उस पर खड़ी फसल को भी जब्त कर लिया गया। वहीं दबंगों को दोबारा कब्जा न करने की हिदायत दी गई है।
ग्राम पंचायत अरसारा के गांव गोकुलपुर में जिला पंचायत की दस बीघा जमीन है। पिछले कई सालों से अतर सिंह पुत्र रामस्वरूप, मुलायम सिंह पुत्र हुकुम सिंह, सर्वेश पुत्र अमर सिंह, सुभाष चंद्र पुत्र राजकुमार, रामनिवास पुत्र श्रीपाल कठेरिया, सूरज सिंह और अमित सिंह पुत्रगण दिवारीलाल कब्जा किए हुए थे। कई बार इस भूमि को खाली कराने का प्रयास किया गया, लेकिन हर बार ये प्रयास नाकाफी साबित हुआ।
बुधवार को उप जिलाधिकारी प्रेमप्रकाश व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तपेश चंद्र वर्मा पुलिस बल व राजस्व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने सामने भूमि का सीमांकन कर उस पर खड़ी धान की फसल को कंपाइन मशीन से कटवा लिया। कटी हुई फसल को मंडी में बेचकर धनराशि कोषागार में जमा करा दी गई।
एसडीएम ने कहा कि अगर दोबारा जमीन पर कब्जा किया गया तो एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही भू-माफिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अवर अभियंता दीपक कुमार, राजस्व निरीक्षक अजय यादव, लेखपाल अवनीश कुमार, दुर्गा नारायण व एसआई सुदामा लाल, सुबोध कुमार आदि मौजूद रहे।