एसिड अटैक के बाद जिस हिम्मत और हौसले से युवतियों ने न केवल समाज का सामना किया, बल्कि समाज को भी प्रेरणा दी, उसी हौसले को सलाम करने के लिए मिस यूनिवर्स जेमी ली फोकनर गुरुवार सुबह शीरोज हैंगआउट पहुंचीं। दुनिया भर में एसिड अटैक सरवाइवर्स के लिए काम कर रहीं ग्रेट ब्रिटेन की रहने वाली मिस यूनिवर्स - 2016 जेमी ली फोकनर ने फतेहाबाद रोड स्थित शीरोज हैंग आउट कैफे में कुछ पल बिताए और सेल्फी भी लिए।
मिस यूनिवर्स ने यहां अपने हाथों में मेंहदी भी लगवाई और एसिड अटैक सरवाइवर्स से उनकी जिंदगी के बारे में बात की। फोकनर ने कहा कि समाज को सच्चे मायनों में यही युवतियां प्रेरणा दे रही हैं। 27 साल की फोकनर इसी साल जुलाई में मिस यूनिवर्स बनी हैं। शीरोज हैंग आउट के साथ उन्होंने ताजमहल का भी दीदार किया। ताज में प्रवेश पर पहले उनका क्राउन बाहर ही रखवा दिया गया था। अपने परिजनों और मित्रों के साथ आईं मिस यूनिवर्स ने ताजमहल में डेढ़ घंटा बिताया।
मिस नीदरलैंड में फर्स्ट रनर अप और इंडियन ब्यूटी क्वीन का खिताब जीतने वाली चित्रा बोहरा ने भी ताजमहल का दीदार किया। पहले उनके क्राउन और सेशे को ताजमहल के प्रवेश द्वार पर ही रुकवा दिया गया था, लेकिन गाइड की आपत्ति के बाद क्राउन अंदर ले जाने दिया गया। हालांकि बाद में फोटोग्राफी के बाद क्राउन और सेशे उतरवाकर रखवा दिया गया। एएसआई की स्पष्ट गाइडलाइन न होने के कारण हर बार प्रवेश में इसी तरह के विवाद सामने आते रहे हैं।