मैनपुरी। आयोजन में शामिल होने मध्य प्रदेश के युवक को किशनी क्षेत्र निवासी रिश्तेदार साथ ले गए। इसके बाद से ही युवक लापता है। सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची युवक की मां ने एसपी से शिकायत की। आरोप लगाया कि पुत्र की हत्या कर शव गायब कर दिया है। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
मध्य प्रदेश के सुल्तान सिंह का पुरा निवासी शिव प्यारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा है कि उनकी पुत्रवधू को 20 नवंबर को एक रिश्तेदार बुलाकर ले गया था। 21 को पुत्रवधू ने बेटे अखिलेश को फोनकर बुलाने के लिए कहा। इस बीच उनके दो रिश्तेदार पुत्र को एक कार्यक्रम के बहाने साथ ले गए। इसके बाद से पुत्र लापता है। महिला ने आरोपियों पर पुत्र की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया है। पुत्र की गुमशुदगी किशनी थाने में दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस पुत्र को ढूंढने का प्रयास नहीं कर रही है। एसपी से पुत्र का पता लगाने की गुहार लगाई है।