किशोरी को जहर देकर हत्या करने का लगाया आरोप
-मृतका की मां ने आरोपी के खिलाफ एसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। एक गांव निवासी एक किशोरी को शोहदा आए दिन परेशान करता था। कई बार परिजन से शिकायत की गई लेकिन वह हरकतों से बाज नहीं आया। 31 जनवरी को आरोपी ने किशोरी को घर आकर जहर खिला दिया। उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। मृतका की मां ने एसपी से शिकायत की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गुरुबख्श निवासी रज्जा देवी की 17 वर्षीय पुत्री कविता को गांव का रहने वाला एक युवक एक साल से परेशान कर रहा था। वह जब बाजार और खेत पर जाती तो आरोपी रास्ता रोक कर अश्लील हरकत करता। उसने कई बार किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी फोन पर भी अश्लील मैसेज भेज कर परेशान कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी उसे व परिजन को जान से मारने की धमकी देता था। जब किशोरी ने परेशान होकर परिजन को सारी बात बताई तो आरोपी के घर शिकायत की गई। लेकिन आरोपी के परिजन ने एक बात नहीं मानी। उल्टा उन्हीं लोगों धमकाया।
31 जनवरी को किशोरी अपने घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। जब मां खेत से लौटी तो बेटी को उल्टियां करते देख होश उड़ गए। रज्जो देवी ने बताया कि पूछने पर बेटी ने इशारे में आरोपी के बारे में बताया। आरोपी ने पुत्री को कोई जहरीला पदार्थ खिलाया था। मेडिकल कॉलेज सैफई में इलाज के दौरान पुत्री की मौत हो गई। आरोपी ने ही उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला है। रज्जो देवी ने सोमवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर दोषी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।