कासगंज। थाना ढोलना पुलिस ने ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसके कब्जे से दो फावड़े के हत्थे बरामद किए हैं।
दरअसल, ढोलना थाना क्षेत्र के छिछोरा निवासी देवेंद्र सिंह (35) भतीजे लक्ष्मण सिंह के साथ दिवाली पर बाइक से ढोलना कस्बे में खरीददारी कर गांव लौट रहा था। देवेंद्र की पत्नी का आरोप था कि गांव नगला भूड़ के समीप कुछ लोगों ने बाइक को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर गिरा दिया और ट्रैक्टर से कुचलकर और लाठी-डंडों व फावड़े के हत्थे से हमला करके देवेंद्र की हत्या कर दी थी। वहीं लक्ष्मण सिंह ने किसी तरह भागकर जान बचाई थी। सीओ नगर आंचल चौहान ने बताया कि देवेंद्र की हत्या में वांछित अभियुक्त अखिलेश निवासी ग्राम छिछौरा को पुलिस ने गांव भामों के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किए गए दो फावड़े के हत्थे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।