फिरोजाबाद। एटीएम बदलकर खातों से रुपये निकालने वाले एक आरोपी को दक्षिण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने 15 एटीएम बरामद किए है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। उसके साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष दक्षिण सुशांत गोर ने बताया कि अमन कुमार पुत्र अरविंद कुमार निवासी प्रीतम नगर थाना दक्षिण जयपुर में काम करता है। वह एटीएम के आसपास ऐसे लोगों को तलाश में रहता था, जो लोग एटीएम का प्रयोग करना नहीं जानते थे या फिर अधिक शिक्षित नहीं होते थे। ऐसे लोगों की मदद करने के साथ ही उनके पैसे निकालने के साथ ही एटीएम कार्ड बदल लिया करता था। व्यक्ति के जाने के बाद उसके एटीएम कार्ड से दूसरे एटीएम से पैसे निकाल लिया करता था। इस गिरोह के बारे में लगातार शिकायतें मिल रही थी। आरोपियों की तलाश के लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था। शुक्रवार दोपहर आरोपी को स्टेशन रोड स्थित एक एटीएम के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने अपने साथियों के नाम भी बताए है। जिनकी गिरफ्तारी को संबंधित ठिकानों पर दबिश दी गई थी। लेकिन एक भी आरोपी हाथ नहीं लग सका। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 15 एटीएम कार्ड बरामद किए गए है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।