कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पोपी में ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता को छत से फेंक कर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति सहित चार के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना बुधवार की रात लगभग 9 बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर सई निवासी सर्वेश के भाई रामचंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है, उसने बहन सर्वेश कुमारी की शादी 15 साल पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पोपी निवासी रामगोपाल के साथ की थी। शादी के बाद से ही बहन को ससुरालीजन प्रताड़ित करते रहते थे। बताया कि बृहस्पतिवार की रात लगभग 11 बजे एक व्यक्ति ने सूचना दी कि तुम्हारी बहन को ससुराली जनों ने छत से फेंक कर मार डाला है। गांव नगला पोपी पहुंचे और बहन को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर एसपी मनोज सोनकर, सीओ सिटी आरके तिवारी, कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा मौके पर पहुंच गए। भाई की तहरीर पर पति रामगोपाल, ससुर कालीचरण, सास मुन्नी देवी, चचेरा देवर विजय के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने हत्या कर दी। ससुरालीजन फरार हैं।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सर्वेश की बड़ी बेटी 14 साल की खुशबू, बेटा 8 साल का आदर्श और सबसे छोटा 6 साल का आशीष है। बुधवार की रात खुशबू मौसी के घर गई हुई थी। जबकि दोनों बेटे सो रहे थे। चीख पुकार सुनकर बेटे जाग गए थे।
मायके वालों ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करने का आरोप लगाते लगाया है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है।- आरके तिवारी, सीओ सिटी।