आगरा के सराफा बाजार नमक की मंडी में बाह स्थित जरार से खरीदारी के लिए आए सराफ जितेंद्र वर्मा उर्फ पप्पू (55) की मोबाइल के विवाद में हत्या कर दी गई। उन्हें सीने पर कई बार घूसे मारे गए, बाईपास सर्जरी होने के नाते उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जितेंद्र वर्मा उर्फ पप्पू के भतीजे लव ने बताया कि चाचा की घर के पास ही सोने-चांदी के जेवरों की दुकान है। उनका बेटा उदय भी दुकान पर बैठता है। दो महीने पहले कस्बे के ही आशीष ने उदय से मोबाइल छीन लिया था। उदय के बार-बार मांगने पर भी मोबाइल नहीं लौटा रहा था। शनिवार को बाजार में बंदी होने पर जितेंद्र, बेटे उदय और अंबर के साथ सराफा बाजार नमक मंडी में खरीदारी करने आए थे।
वह आशीष के परिचित सराफ जयप्रकाश की दुकान पर गए। वहां आशीष मिल गया। जितेंद्र ने उससे बेटे का मोबाइल देने के लिए कहा, लेकिन वो मना करने लगा। आरोप है कि उसने अपने साथी संजय वर्मा उर्फ संजय डॉन और एक अन्य को बुला लिया। जय प्रकाश भी उसका साथ देने लगा। चारों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। जितेंद्र के सीने पर कई घूसे मारे। उनकी हालत बिगड़ गई। अंबर और उदय ज्यादा बीचबचाव नहीं कर सके। जितेंद्र के बेहोश होकर गिरने पर आरोपी भाग गए। बेटे पिता को किसी तरह एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वे शव को जरार ले गए। बाद में 112 पर सूचना दी। घटनास्थल कोतवाली थाना का था। इस पर वहां की पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें - Mainpuri By Election 2022: मैनपुरी DM के निर्देश, लाइसेंसी असलाह कराएं जमा, इन्हें जिला बदर कर करें पाबंद
दो साल पहले हुई थी बाईपास सर्जरी
परिजन ने बताया कि जितेंद्र वर्मा हृदय रोगी थे। दो साल पहले बाईपास सर्जरी हुई थी। इसकी जानकारी आरोपी आशीष को भी थी। इसके बावजूद उसने मुक्के मारे। इससे ही उनकी मौत हो गई। जितेंद्र के चार बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी है। एक बेटा आकाश बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उदय काम में हाथ बंटाता है, जबकि अंबर बीमार रहता है। जितेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घर में अकेले वही कमाने वाले थे। पत्नी सोनिया इस घटना के बाद से बेहाल हैं।
मारपीट का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि बेटे उदय की तहरीर पर आशीष वर्मा, जय प्रकाश, संजय वर्मा और एक अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदय घात होना आया है। मारपीट की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। विवेचना की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।