आगरा। थाना छत्ता पुलिस ने फ्लिपकार्ट कंपनी से चोरी किए हुए पार्सल खरीदने के आरोप में ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के नगला रामबल निवासी इंद्रजीत को गिरफ्तार किया है।उसके कब्जे से चोरी के 93 पार्सल और एक कैंटर मिला है। पुलिस वांछित आरोपी सुनील यादव, सुरेंद्र राय, कमल किशोर व अन्य की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बेलनगंज क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी पता चला कि चोरी हुए पार्सल लेकर एक लोडर ऑटो शाहदरा की तरफ जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आंबेड़कर पुल के पास रोक लिया। नगला रामबल निवासी इंद्रजीत को हिरासत में लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ये फ्लिपकार्ट कंपनी के वे पार्सल हैं, जो खरीदार लौटा देते हैं। वह कर्मचारियों से 100 रुपये प्रति पार्सल के हिसाब से खरीद लेता है। 120 रुपये बेच देता है। संवाद
घर से नकदी व सामान लेकर भागा कर्मचारी
आगरा। थाना जगदीशपुरा में आइसक्रीम फैक्टरी संचालक ने अपने कर्मचारी पर घर से नकदी व अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगाकर केस दर्ज कर कराया है। पुलिस जांच में लगी है।
आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-4 निवासी हिमांशु मंगल ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उन्होंने अपने कर्मचारी अभिषेक उर्फ बिट्टू को गोदाम से घर पर सामान लेने भेजा था। मौका पाकर कर्मचारी अलमारी में रखी नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गया। मामा के बेटे दिव्यम अग्रवाल ने रोकने की कोशिश की तो उसे धक्का देकर गिरा दिया। संवाद