आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में मुस्तफा क्वार्टर के पास ऑटो चालक को उसी के ऑटो में पीछे बैठे यात्री ने गमछे से गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की। आरोपी पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर भाग गया। पीड़ित ऑटो चालक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
शाहगंज के नरीपुरा निवासी पीड़ित राजा ने पुलिस को बताया कि वह किराये पर ऑटो चलाता है। सोमवार रात करीब एक बजे वह कैंट रेलवे स्टेशन से एक सवारी को लेकर मुस्तफा क्वार्टर के लिए जा रहा था। रास्ते में साईं बाबा मंदिर के पास सवारी ने ऑटो रुकवाया और गले में गमछा डालकर जोर से खींचकर गला दबाने का प्रयास किया।
राजा ने बताया इससे उसका दम घुटने लगा। ठीक उसी समय वहां से गश्त कर रही पुलिस जीप का सायरन सुनकर आरोपी भाग गया। आरोपी यात्री का आधार कार्ड ऑटो में ही गिर गया, जिससे उसकी पहचान राजस्थान के धाैलपुर जिले के महात्मानंद की बगीची निवासी बिल्लू शर्मा के रूप में हुई। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बिल्लू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।