टूंडला में आगरा हाइवे पर हुए हादसे के बाद मौजूद पुलिस व घायलों को उपचार के लिए ले जाती एंबुलेंस
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को टूंडला-आगरा हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के एटा रोड स्थित राधा नगर निवासी विक्रम (27) पुत्र बसंत कुमार अपने दोस्त उलाऊ खेड़ा निवासी अजय कुमार एवं सतगुरु पुत्र जय सिंह के साथ में एक शादी समारोह में शामिल होने आगरा गया था। शादी में शिरकत करने के बाद तीनों बाइक से देररात लौट रहे थे। आगरा हाईवे पर वे अमीर होटल के निकट अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय और सतगुरु घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से दोनों को आगरा रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार शुुक्ला का कहना है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हुआ है। दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। टोल से सीसीटीवी फुटेज लेकर वाहन की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही दुर्घटना करने वाले को पकड़ा जाएगा।