सड़क हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के न्यू दक्षिणी बाइपास स्थित नगला सावला पर सुबह करीब 8:30 बजे बाइक सवार युवक को लोडिंग ऑटो ने पीछे से रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल युवक को देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। जब तक उसे इलाज के लिए ले जाया जाता, तब तक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कागारौल के गांव गढ़मुखा निवासी मुकेश पुत्र हाकिम सिंह किसी काम से सैंया जा रहा था। न्यू दक्षिणी बाईपास पर उसकी बाइक में पीछे से लोडिंग ऑटो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। उसका खून सड़क पर बिखर गया। घायल युवक को देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। जब तक उसे इलाज के लिए ले जाया जाता, तब तक मौत हो गई।
सूचना पाकर थाना प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सैनी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। घटना के बाद न्यू दक्षिणी बाइपास पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस के पहुंचने पर यातायात सुचारू रूप से शुरू कराया गया।