भगवान टाकीज ओवर ब्रिज से उतरते ही सुल्तानगंज की पुलिया पर वाहनों को डायवर्ट करने की व्यवस्था से एक और हादसा हो गया। बुधवार दोपहर को मथुरा की ओर से दो बेटों को लेकर यमुनापार की ओर जा रहे बाइक सवार दंपति ट्रक की टक्कर से गिर पड़े। एक बच्चे की ट्रक के पहियों के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे के कारण हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इंदिरा ज्योति नगर, टेढ़ी बगिया निवासी सुनहरीलाल मंगलवार को पत्नी सुनीता और बेटों प्रिंस (6) और लकी (8) के साथ मथुरा गए थे। बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे दंपति बाइक से दोनों बच्चों के साथ मथुरा से लौट रहे थे। भगवान टाकीज ओवर ब्रिज से उतरने के बाद सुल्तानगंज की पुलिया पर बने डायवर्जन प्वाइंट पर पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर से बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। छोटा बेटा प्रिंस बाइक की टंकी के पास बैठा था, वह छिटककर थोड़ी दूर जाकर गिरा और तभी पीछे से आ रहे ट्रक के पहियों के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। ये देख राहगीरों की चीख निकल गई। राहगीरों ने ट्रक चालक सैंया के राजू को पकड़कर जमकर पीटा। ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।
लापरवाही से हो रहे हादसे
खंदारी बाईपास से लेकर वाटर वर्क्स तक का सफर जानलेवा हो गया है। ये सब हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही से है। खंदारी बाईपास से वाटर वर्क्स तक सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट करने के लिए जो प्वाइंट बनाए हैं, वे भी कम खतरनाक नहीं हैं। इसी प्वाइंट पर एक पखवाड़े पहले भी एक युवक की मौत हो चुकी है। अधिकांश वक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी नदारद रहते हैं। ऐसे में भारी वाहनों से आए दिन हादसे हो रहे हैं।