हादसा इतना भीषण था कि वाहनों में सवार लोगों को संभलने का माैका ही नहीं मिला। घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
आगरा के अछनेरा क्षेत्र में दक्षिणी बाईपास पर शनिवार रात भीषण हादसा हो गया। बाईपास के गांव मुगर्रा कट पर मैक्स पिकअप को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें तीन के मारे जाने की सूचना है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
बाईपास हादसा रात करीब एक बजे हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला। उपचार के लिए एम्बुलेंस की सहायता से एसएन मेडिकल काॅलेज भिजवाया। जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
रुनकता की ओर से आ रही थी पिकअप
मैक्स पिकअप रुनकता की ओर से अछनेरा की तरफ जा रही थी। इसमें निजी कंपनी में काम करने वाले 25 से 50 मजदूर सवार थे। बाईपास पर गांव मुगर्रा के लिए पिकअप मुड़ रही थी तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस ने पिकअप को राैंद दिया। बस करीब 300 मीटर तक पिकअप को घसीटते हुए ले गई। माैके पर चीखपुकार मच गई।
15 मिनट बाद पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना देने के करीब 15 मिनट बाद पुलिस माैके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजना शुरू किया। इस दाैरान क्षेत्रीय ग्रामीण भी घायलों की मदद में जुटे रहे।
लग गया लंबा जाम
हादसे से बाईपास पर लंबा जाम लग गया। एक से दो किलोमीटर तक वाहन जाम में फंसे रहे। करीब एक घंटे बाद एनएचएआई की टीम माैके पर पहुंची। हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया, तब जाकर ट्रैफिक चालू हो सका।
जाम खुलवाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
हादसे में मृतकों और घायलों के परिवारीजनों को सहायता की देने मांग को लेकर लोगों ने बाईपास पर जाम लगा दिया। वह प्रशासनिक अधिकारियों को माैके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाया। दोपहर करीब 12 बजे जाम लगाया। इसके एक घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। इस दाैरान वाहनों की लंबी कतार लग गई।