आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गोरखपुर से मेहंदीपुर बालाजी जा रहे कार चालक को नींद की झपकी आ गई। इस वजह से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपीडा की टीम व फतेहाबाद पुलिस ने घायलों को कार से निकाल कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा, जहां चालक को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह 5:20 बजे के करीब कार चालक अंकित यादव पुत्र रामजी यादव निवासी हरपुर तिवारी थाना देवरिया जिला महाराजगंज साथ में अजीत त्रिपाठी पुत्र शिव शंकर त्रिपाठी, अभिषेक पांडे पुत्र रविन्द्र नाथ पांडेय, रेनुका त्रिपाठी पत्नी शिव शंकर त्रिपाठी गोरखपुर से मेहंदीपुर बालाजी जा रहे थे। कार में कुल पांच लोग थे। जैसे ही थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 31.900 पर पहुंचे तो चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा पलट गई। इस दौरान कार में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई।
कार में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची यूपीडा की टीम व चौकी इंचार्ज लुहारी ने घायलों को कार से बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में चालक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। कार में कुछ लोग वन विभाग के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। जानकारी पर रेंजर फ़तेहाबाद भी मौके पर पहुंच गए ।